महाराष्ट्र के ठाणे जिले के कल्याण स्थित पाडघा इलाके में बाढ़ के बीच इंसानियत और बहादुरी की मिसाल देखने को मिली. जब तेज बारिश के कारण इलाके में पानी का स्तर खतरनाक रूप से बढ़ गया और एक परिवार बाढ़ के पानी में फंस गया, तब वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक पंकज गिरी ने अपनी जान की परवाह किए बिना रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. कंधे तक गहरे पानी में उतरकर उन्होंने पूरे परिवार को सुरक्षित बाहर निकाला. इस परिवार में एक चार साल का मासूम बच्चा भी शामिल था, जिसकी जान खतरे में थी. इंस्पेक्टर गिरी की इस बहादुरी ने न सिर्फ एक परिवार की जान बचाई, बल्कि संकट की घड़ी में पुलिस की संवेदनशील और कर्तव्यनिष्ठ छवि को भी सामने रखा. देखिए कैसे एक पुलिस अधिकारी ने अपनी सूझबूझ और साहस से लोगों के लिए उम्मीद की किरण बनकर दिखाया.


