गैंगस्टर रोहित गोदारा के घर पर बुलडोजर कौन चला गया? लॉरेंस बिश्नोई गैंग के करीबी और इंटरनेशनल गैंगस्टर रोहित गोदारा का बीकानेर स्थित पुश्तैनी घर रहस्यमयी तरीके से जेसीबी से गिरा दिया गया है. इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है. रोहित गोदारा बीकानेर का रहने वाला है, लेकिन साल 2022 में फर्जी पासपोर्ट के जरिए भारत से फरार हो गया था. अभी वो अमेरिका में रह रहा है और वहां से गैंग के लिए हत्या और रंगदारी जैसे अपराध ऑपरेट कर रहा है. अमेरिकी एजेंसी FBI ने उसे निज्जर हत्याकांड से जुड़े मामले में वांटेड घोषित किया है. साल 2023 में कनाडा के गुरुद्वारे के बाहर खालिस्तानी नेता हरदीप सिंह निज्जर की हत्या हुई थी, जिसके बाद भारत और कनाडा के बीच कूटनीतिक तल्खी भी बढ़ी थी. गोदारा का बीकानेर वाला घर फिलहाल खाली पड़ा था क्योंकि उसके माता-पिता पहले से जेल में हैं. इसी साल मई में फिरौती के एक मामले में उन्हें गिरफ्तार किया गया था. बीते दिन अचानक किसी ने बुलडोजर/जेसीबी लाकर इस घर को जमीनदोस्त कर दिया. प्रशासन ने साफ कहा है कि इस कार्रवाई में पुलिस या किसी प्राधिकरण की कोई भूमिका नहीं है. ना तो JDA ने और ना ही पुलिस ने इसे गिराया. अब राजस्थान पुलिस ये जांच कर रही है कि आखिर घर किसने और क्यों गिराया.पुलिस को शक है कि ये गैंगवार, आपसी रंजिश या किसी विरोधी गैंग की कार्रवाई हो सकती है. घर गिराए जाने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल है, जिसके बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है.रोहित गोदारा लॉरेंस गैंग का अहम चेहरा माना जाता है और भारत, कनाडा और अमेरिका तीनों देशों की एजेंसियों के रडार पर है. ऐसे में बीकानेर में उसके घर का इस तरह गिरना कई सवाल खड़े करता है.

