भारत ने गॉल टेस्ट में दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक 9 विकेट पर 460 रन बनाए। 167 रन बनाने वाले देवदत्त पड्डिकल ने एक रिकॉर्ड अपने नाम किया। उन्होंने श्रीलंका में भारत के लिए नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हुए सबसे बड़ा टेस्ट स्कोर बनाया है। इससे पहले बारिश की वजह से खेल 4:30 घंटे की देरी से शुरु हुआ। दिनभर में सिर्फ 43 ओवर ही फेंके जा सके। प्रसिद्ध कृष्णा 1 और कुलदीप यादव 12 रन बनाकर खेल रहे हैं। दूसरे दिन बने टॉप रिकॉर्ड्स-मोमेंट्स… 1. पडिक्कल ने चेतेश्वर पुजारा का रिकॉर्ड तोड़ा पडिक्कल श्रीलंका में नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हुए सबसे बड़ा टेस्ट स्कोर बनाने वाले भारतीय बन गए। पडिक्कल ने गॉल में 167 रन बनाए। उन्होंने चेतेश्वर पुजारा का रिकॉर्ड तोड़ा। पुजारा ने इसी मैदान पर 2017 में श्रीलंका के खिलाफ 153 रन बनाए थे। यहां से मोमेंट्स… 1. बारिश की वजह से आधे दिन का खेल धुला दूसरे दिन का खेल शुरु होने से पहले ही लगातार बारिश हुई। इसकी वजह से लगभग आधे दिन का खेल धुल गया। बारिश रुकने के बाद मैच 4 घंटे 35 मिनट की देरी से शुरु हुआ। इसके बाद इतने ओवर फेंके गए। 2. राहुल दोबारा बल्लेबाजी के लिए उतरे पहले दिन केएल राहुल तीसरे सेशन का खेल शुरु होने से पहले पवेलियन लौट गए थे। उनके दाएं हाथ में दर्द और बाएं हाथ में क्रैम्प आया। वे लंगड़ाते हुए भी दिखे। इसके बाद शरीर के कई हिस्सों में क्रैम्प की शिकायत के बाद उन्हें वापस ड्रेसिंग रूम लौटना पड़ा। तब राहुल 77 रन बनाकर खेल रहे थे। दूसरे दिन 81वें ओवर में ऋषभ पंत के आउट होने के बाद वे दोबारा बल्लेबाजी के लिए उतरे। हालांकि वे पिछले दिन के स्कोर में सिर्फ 5 रन और जोड़कर केशर नुवंथा की गेंद पर निशान फर्नांडो को कैच दे बैठे। 3. पड्डिकल ने चौके लगाकर अपने 150 रन पूरे किए पड्डिकल ने 86वें ओवर की आखिरी गेंद पर अपने 150 रन पूरे किए। असिथा फर्नांडो की पैड्स पर आती गेंद को पडिक्कल ने ऑन-साइड में फ्लिक खेलकर चौका लगाया। इसके बाद बैट उठाकर दर्शकों का अभिवादन स्वीकार किया। ड्रेसिंग रुम में बैठे साथी खिलाड़ियों ने खड़े होकर तालियां बजाईं। 4. ऑस्ट्रेलियाई अंपायर रॉड टकर की तबीयत बिगड़ी ऑस्ट्रेलियाई अंपायर रॉड टकर की तबीयत खराब होने के कारण उन्होंने तीसरे सेशन में अंपायरिंग नहीं की। उनकी जगह रिजर्व अंपायर रवींद्र विमलासिरी ने जिम्मेदारी संभाली। 5. ध्रुव जुरेल का कैच स्लिप में छूटा 101.5 ओवर में प्रभात जयसूर्या की गेंद पर ध्रुव जुरेल का कैच स्लिप में छूट गया। जुरेल ने कट शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद बल्ले का किनारा लेकर पहली स्लिप में गई। धनंजय डी सिल्वा ने कैच लेने की कोशिश की, लेकिन गेंद उनके हाथ से लगकर बाजू और फिर पसली से टकराई।


