बांकीपुर में वोटों की गिनती जारी है. शुरुआती रुझान में जन सुराज के प्रशांत किशोर आगे चल रहे हैं. पोस्टल बैलेट में पीके 800 वोटों से आगे थे. ईवीएम की गिनती के बाद सामने आए दूसरे रुझान में पीके ने 1156 वोटों की बढ़त बना ली है. पटना के एएन कॉलेज में बनाए गए काउटिंग सेंटर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच वोटों की गिनती सुबह 8 बजे शुरू हुई. पहले पोस्टल बैलेट की गिनती हुई. अब ईवीएम की गिनती शुरू हो चुकी है. बांकीपुर, राजधानी का एक अहम इलाका है. यह बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की सीट थी. उनके राज्यसभा जाने के बाद यहां उपचुनाव हुआ. जिसमें बीजेपी की ओर से नीरज सिन्हा चुनावी मैदान में हैं. दूसरी ओर जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर हैं. वहीं राजद से यहां रेखा गुप्ता मैदान में हैं. मुख्य मुकाबला इन्हीं तीन उम्मीदवारों में होना है. 30 जुलाई को यहां मतदान हुआ था. मतदान की रफ्तार को धीमी थी. बांकीपुर में महज 34.3 प्रतिशत वोटिंग हुई थी.


