पंजाब से किसानों के दो बड़े जत्थों ने आज दिल्ली कूच किया. किसानों की योजना दिल्ली पहुंचकर किसान घाट पर धरना देने की थी. किसान अमेरिका-भारत फ्री ट्रेड डील (FTA) की संभावित कोशिशों के विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे. योजना के तहत किसानों का एक जत्था शंभू बॉर्डर पहुंचा, जो पंजाब के पटियाला और हरियाणा के अंबाला को जोड़ता है. वहीं दूसरा जत्था खनौरी बॉर्डर पहुंचा, जो पंजाब के संगरूर और हरियाणा के जींद को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है. किसानों के दिल्ली की ओर बढ़ने की सूचना मिलते ही हरियाणा पुलिस ने दोनों सीमाओं पर सुरक्षा बढ़ा दी और शंभू व खनौरी बॉर्डर को सील कर दिया. इसके बाद किसानों के दोनों जत्थों को सीमा पर ही रोक दिया गया और उन्हें आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी गई.

