नेपाल में आए मौत के सैलाब के मुख्य केंद्र रसुवा तक पहुंचने वाला NDTV इंडिया पहला समाचार चैनल बन गया है. लगभग 10 घंटे का दुर्गम और बेहद कच्चा रास्ता तय करके NDTV की टीम ग्राउंड जीरो पर पहुंची. रसुवा और आसपास का इलाका पिछले 4 दिनों से पूरी तरह ब्लैकआउट की चपेट में है. बिजली न होने से मोबाइल चार्ज करने तक की सुविधा नहीं है. स्थानीय बाजारों में मोमबत्तियां खत्म हो चुकी हैं और टॉर्च तक नहीं मिल रही हैं. लोग दिन में दूर जाकर चार्ज किए गए फोन की हल्की रोशनी के सहारे अंधेरी रातें काटने को मजबूर हैं. वहीं, लगातार तेज बारिश और खाली सड़कों के बीच चारों तरफ सन्नाटा पसरा है. NDTV टीम को भी रात गुजारने के लिए बड़ी मुश्किल से एक छोटा कमरा मिल सका.
नेपाल में आई इस महाप्रलय में कई लोग अब भी लापता हैं, जिनकी तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है. कई शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि कई के तेज बहाव में बह जाने की आशंका है. टीम के साथ कुछ वॉलंटियर्स राहत सामग्री लेकर पहुंचे हैं.


