तेलंगाना में भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी की बड़ी कार्रवाई देखने को मिली है. हैदराबाद डेवलपमेंट अथॉरिटी यानी HMDA के चीफ इंजीनियर के घर और दफ्तर पर रेड की गई. ACB ने अधिकारी के ऑफिस, रिश्तेदारों, सहयोगियों और कथित बेनामीदारों से जुड़ी कुल 9 जगहों पर एक साथ छापेमारी की. इस दौरान भारी मात्रा में नकदी, दस्तावेज और संपत्ति से जुड़े कागजात बरामद किए गए.
एसीबी के मुताबिक, अभी तक जब्त की गई संपत्ति की सरकारी कीमत 9 करोड़ रुपये से ज्यादा है. लेकिन जांच एजेंसी का कहना है कि अचल संपत्ति की बाजार कीमत इससे कई गुना ज्यादा हो सकती है. अनुमान है कि पूरी संपत्ति लगभग 100 करोड़ रुपये की हो सकती है. कार्रवाई के बाद एसीबी और पुलिस ने चीफ इंजीनियर को तुरंत गिरफ्तार कर लिया. उन्हें स्पेशल जज की अदालत में पेश किया गया. टीमें पूरे मामले में अभी भी एक्शन मोड में हैं और आगे की जांच जारी है. पुलिस, इंजीनियर के रिश्तेदारों, सहयोगियों और बेनामी संपत्तियों के लिंक भी खंगाल रही है. तेलंगाना सरकार ने इस रेड को भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति का हिस्सा बताया है. फिलहाल मामले में और गिरफ्तारियां और खुलासे होने की संभावना है.

