उत्तर प्रदेश में मेरठ के थप्पड़बाज एसएसपी अविनाश पांडेय को अब धमकी भरे फोन कॉल आ रहे हैं. ये धमकी भरे फोन कॉल एसएसपी अविनाश पांडेय के पीआरओ को आए हैं. कॉल करने वाले ने कथित तौर पर पीआरओ से कहा कि वह एक बार एसएसपी से बंद गाड़ी में मुलाकात करा दें, फिर वह देखेंगे. बता दें कि हाल ही में IPS अविनाश पांडेय का एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें वह कुछ प्रदर्शनकारियों को थप्पड़ मारते नजर आ रहे हैं. वीडियो में वह न केवल प्रदर्शन कर रहे लोगों के बीच जाकर उन पर थप्पड़ बरसाते हैं, बल्कि हिरासत में लेने के बाद पुलिस वाहन में बंद लोगों को भी थप्पड़ मारते हैं. यही नहीं, बल्कि वाहन का दरवाजा बंद करके भी पीटते हैं. मामला मेरठ के ललिता गौतम हत्याकांड से जुड़ा है. वीडियो सामने आने के बाद आईपीएस अविनाश पांडेय को दलित समाज के लोग सोशल मीडिया पर ट्रोल कर रहे हैं.



