पूर्व कप्तान मिस्बाह-उल-हक ने इंग्लैंड के खिलाफ जारी टेस्ट सीरीज के बीच पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की सिलेक्शन कमेटी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने बोर्ड को ईमेल के जरिए अपना इस्तीफा भेजा। यह फैसला PCB की ओर से टेस्ट टीम और टीम मैनेजमेंट में बड़े बदलाव किए जाने के अगले दिन आया है। क्रिकइंफो के मुताबिक, PCB ने अभी मिस्बाह का इस्तीफा स्वीकार नहीं किया है। उन्होंने लाहौर की नेशनल क्रिकेट अकादमी में बैटिंग सलाहकार का पद छोड़ने का फैसला भी किया है। PCB ने 7 खिलाड़ियों को टेस्ट टीम से रिलीज किया पाकिस्तान तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में 0-2 से पीछे है। लॉर्ड्स में 194 रन से हार के बाद PCB ने तीसरे टेस्ट से पहले सोमवार को सात खिलाड़ियों को टीम से रिलीज कर दिया। बोर्ड ने हेड कोच सरफराज अहमद और बॉलिंग कोच उमर गुल को भी उनके पद से हटा दिया। टेस्ट टीम और मैनेजमेंट में बदलाव तीसरा टेस्ट 9 सितंबर से एजबेस्टन में खेला जाएगा। टीम से रिलीज किए गए खिलाड़ियों में मोहम्मद रिजवान, इमाम-उल-हक, सलमान आगा, अली उस्मान, आमेर जमाल, अवैस जफर और खुर्रम शहजाद शामिल हैं। इनकी जगह पांच अनकैप्ड खिलाड़ियों को टीम में शामिल किया गया है। इनमें अराफात मिन्हास, मोहम्मद इमरान जूनियर, साद बैग, मोहम्मद इमरान रंधावा और रजाउल्लाह शामिल हैं। इनके अलावा सईम अयूब और अब्दुल्ला फजल भी टेस्ट टीम से जुड़ेंगे। व्हाइट-बॉल टीम के हेड कोच माइक हेसन और बॉलिंग कोच एश्ले नॉफ्के को टेस्ट कोचिंग स्टाफ में शामिल किया गया है। मार्च में सिलेक्शन कमेटी का हिस्सा बने थे मिस्बाह को इसी साल मार्च में चार सदस्यीय सिलेक्शन कमेटी में शामिल किया गया था। कमेटी में उनके अलावा आकिब जावेद, सरफराज अहमद और असद शफीक हैं। इसके साथ ही मिस्बाह का PCB के साथ साल में 180 दिन काम करने वाला बैटिंग सलाहकार का कॉन्ट्रैक्ट भी था। PCB में कई जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं मिस्बाह 2017 में पाकिस्तान के सबसे सफल टेस्ट कप्तान के तौर पर संन्यास लेने के बाद मिस्बाह ने PCB में कई जिम्मेदारियां संभालीं। 2019 में उन्हें हेड कोच और चीफ सेलेक्टर की दोहरी जिम्मेदारी दी गई थी। उन्होंने अक्टूबर 2020 तक दोनों पदों पर काम किया।


