पिछले 48 घंटों से जारी मूसलाधार बारिश ने पूरे दिल्ली-एनसीआर को एक ऐसे जल-चक्रव्यूह में बदल दिया है, जहां सड़कों ने समंदर का रूप ले लिया है, इमारतें ढह रही हैं और लाखों रुपये की लग्जरी गाड़ियां पानी में तैरती नजर आ रही हैं. दिल्ली से लेकर नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम के पॉश सेक्टरों तक जलभराव और महाजाम का ऐसा आसमानी तांडव देखने को मिल रहा है, जिसने सरकारी तैयारियों और सिस्टम के तमाम दावों की पोल खोलकर रख दी है. हालात ऐसे हैं कि बारिश की हर बूंद लोगों के लिए नई मुसीबत बनती जा रही है. कहीं सड़कें डूबी हुई हैं, तो कहीं घंटों लंबे ट्रैफिक जाम से लोग जूझ रहे हैं. सवाल यह है कि हर साल करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद आखिर दिल्ली-एनसीआर बारिश के सामने इतना बेबस क्यों नजर आता है?


