विमेंस एशिया कप अगले हफ्ते से दुबई में शुरू होगा। अगर भारतीय टीम फाइनल जीतकर चैंपियन बनती है, तो ट्रॉफी सेरेमनी को लेकर BCCI के सामने असहज स्थिति बन सकती है। इसकी वजह यह है कि पाकिस्तान के मोहसिन नकवी एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के प्रमुख हैं। ऐसे में भारत के फाइनल में पहुंचने पर नकवी मंच पर ट्रॉफी देने के लिए मौजूद हो सकते हैं। टूर्नामेंट 28 अगस्त से 13 सितंबर तक खेला जाएगा। भारत और पाकिस्तान को एक ही ग्रुप में रखा गया है। दोनों टीमें 5 सितंबर को लीग मुकाबले में आमने-सामने होंगी। पिछले साल मेंस टीम ने नकवी से ट्रॉफी नहीं ली थी सितंबर 2025 में मेंस एशिया कप जीतने के बाद भारतीय टीम ने मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था। यह फैसला पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत-पाकिस्तान के बीच बने तनाव के बीच लिया गया था। इसके बाद नकवी ट्रॉफी अपने साथ ले गए थे। भारतीय टीम ने बिना ट्रॉफी के ही जीत का जश्न मनाया था। ट्रॉफी अब तक चैंपियन टीम को नहीं सौंपी गई है। नकवी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के प्रमुख होने के साथ पाकिस्तान के गृह मंत्री भी हैं। अब BCCI का रुख क्या होगा? विमेंस एशिया कप में अगर भारत फाइनल जीतता है, तो ट्रॉफी किसके हाथों से सौंपी जाएगी, इसे लेकर BCCI ने अभी अपना रुख साफ नहीं किया है। बोर्ड का रुख यह है कि भारत और पाकिस्तान के खिलाड़ी आपस में हाथ नहीं मिलाएंगे। पिछले साल जैसी स्थिति से बचने के लिए एक विकल्प यह हो सकता है कि नकवी खुद ट्रॉफी नहीं दें और ACC का कोई दूसरा अधिकारी भारतीय टीम को ट्रॉफी सौंपे। ICC बैठक में भी उठा था ट्रॉफी का मुद्दा भारत-पाकिस्तान के बीच ट्रॉफी विवाद पर आखिरी बार ICC की बोर्ड मीटिंग में बातचीत हुई थी। यह बैठक 4 से 7 नवंबर तक हुई थी। इसके बाद 8 नवंबर को BCCI सेक्रेटरी देवजीत सैकिया ने बताया था कि उन्होंने ICC की औपचारिक और अनौपचारिक दोनों बैठकों में हिस्सा लिया था। सैकिया के मुताबिक, औपचारिक बैठक में ट्रॉफी का मुद्दा एजेंडे में नहीं था। हालांकि ICC ने उनकी और PCB प्रमुख मोहसिन नकवी की अलग बैठक कराई। इसमें ICC के एक वरिष्ठ पदाधिकारी और एक अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। सैकिया ने कहा था कि इस मामले पर बातचीत शुरू होना अच्छी बात है और दोनों पक्ष समाधान निकालने के लिए अपने-अपने विकल्प रखेंगे। उन्होंने यह भी कहा था कि अब दोनों पक्षों के बीच बातचीत का रास्ता खुला है और इस मुद्दे को आपसी सहमति से सुलझाने के लिए विकल्पों पर विचार किया जाएगा। हालांकि, उस बातचीत के बाद भी ट्रॉफी भारतीय टीम को नहीं मिली है। 8 टीमें हिस्सा ले रहीं, 13 सितंबर को फाइनल यह विमेंस एशिया कप का छठा एडिशन होगा, जो टी-20 फॉर्मेट में खेला जाएगा। टूर्नामेंट में आठ टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिन्हें दो ग्रुप में बांटा गया है। ग्रुप ए में भारत और पाकिस्तान के साथ थाईलैंड, हांगकांग-चीन को रखा गया है। ग्रुप बी में श्रीलंका, बांग्लादेश, यूएई और इंडोनेशिया शामिल हैं। ग्रुप स्टेज के बाद दोनों ग्रुप से टॉप दो टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई करेंगी। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 13 सितंबर को खेला जाएगा। टूर्नामेंट के सभी मुकाबले दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में ही आयोजित किए जाएंगे। भारत सबसे ज्यादा 3 बार चैंपियन बनी विमेंस एशिया कप के टी-20 फॉर्मेट में अब तक 5 टूर्नामेंट खेले गए हैं। इनमें भारत ने सबसे ज्यादा 3 बार खिताब जीता है। बांग्लादेश और श्रीलंका ने एक-एक बार ट्रॉफी अपने नाम की। श्रीलंका मौजूदा चैंपियन है। ———————-
स्पोर्ट्स से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें.…
भारतीय हॉकी खिलाड़ियों ने पाकिस्तान से हाई-फाइव किया भारतीय हॉकी टीम ने मेंस वर्ल्ड कप में बुधवार को पाकिस्तान के खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया, लेकिन खेल भावना दिखाते हुए हाई-फाइव किया। पढ़ें पूरी खबर…


