इंडियन ऑयल (IOC) ने अल्जीरिया की सरकारी कंपनी सोनाट्रैक के साथ साल 2027 के लिए LPG यानी रसोई गैस आयात करने की डील साइन की है। भारत ने यह कदम खाड़ी देशों पर अपनी निर्भरता कम करने के लिए उठाया है। इस साल अमेरिका-ईरान के बीच हुई जंग के कारण ‘स्ट्रेट ऑफ होर्मुज’ पर गैस सप्लाई रुक गई थी। इससे भारत में ईंधन की कमी हो गई थी और सरकार को सिलेंडरों की सीमित सप्लाई करनी पड़ी थी। भविष्य में ऐसी नौबत दोबारा न आए और घरों में गैस की सप्लाई बिना रुके चलती रहे, इसीलिए भारत अब अल्जीरिया से सीधे गैस मंगाएगा। 55 हजार टन तक LPG हर महीने आएगा इस डील के तहत, इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन को हर महीने अल्जीरिया से 45,000 टन से लेकर 55,000 टन तक LPG भारत पहुंचेगी। इस कार्गो सप्लाई में प्रोपेन और ब्यूटेन दोनों गैसों का मिश्रण शामिल होगा। सऊदी अरामको से कम कीमत में गैस देगा अल्जीरिया इस डील से इंडियन ऑयल और अल्जीरिया की कंपनी के बीच पुराना व्यापारिक रिश्ता फिर से शुरू हो गया है। पहले भी दोनों के बीच ऐसा समझौता था, लेकिन बाद में भारत खाड़ी देशों (मिडल-ईस्ट) से ज्यादा गैस खरीदने लगा था। रिपोर्ट के मुताबिक, अल्जीरिया से मिलने वाली LPG की कीमत सऊदी अरब की कंपनी सऊदी अरामको के मुकाबले कम है, जिससे यह गैस भारत को सस्ती पड़ेगी। यह पूरी डील फ्री-ऑन-बोर्ड (FOB) आधार पर हुआ है, यानी गैस को जहाज पर लादने के बाद आगे की जिम्मेदारी इंडियन ऑयल की होगी।

