श्रीलंका अंडर-19 ने तीसरे यूथ वनडे में भारत को 1 विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने वीके विनीत के शतक और लक्ष्य रायचंदानी के अर्धशतक की बदौलत 50 ओवर में 8 विकेट पर 290 रन बनाए। जवाब में श्रीलंका ने 291 रन का लक्ष्य आखिरी गेंद पर 9 विकेट खोकर हासिल कर लिया। हम्बनटोटा में खेले गए इस मुकाबले में मेजबान श्रीलंका ने आखिरी ओवर में भारत के मुंह से जीत छीन ली। अंतिम ओवर में श्रीलंका को जीत के लिए 11 रन चाहिए थे और उसके हाथ में सिर्फ एक विकेट बचा था। दबाव के बावजूद टीम ने लक्ष्य हासिल कर मैच के साथ सीरीज भी अपने नाम कर ली। विनीत ने 131 रन भारत के लिए वीके विनीत ने शानदार शतकीय पारी खेली। उन्होंने 136 गेंदों पर 13 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 131 रन बनाए। लक्ष्य रायचंदानी ने 63 गेंदों पर 7 चौकों के साथ 61 रन का योगदान दिया। दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 108 रन की साझेदारी कर भारतीय पारी को संभाला। हालांकि, भारतीय टॉप ऑर्डर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सका। कप्तान यशवर्धन चौहान 6 रन और रजत बघेल 14 गेंदों पर 8 रन बनाकर आउट हो गए। कुशाग्र ओझा ने 3, अर्जुन राजपूत ने 14 रन बनाए। सातवें नंबर पर उतरे शाविन विनोद ने 31 गेंदों पर 3 चौकों की मदद से 26 रन की उपयोगी पारी खेली, जबकि मोहित 19 रन बनाकर नाबाद रहे। श्रीलंका की ओर से सेथमिका सेनेविरात्ने ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए। गिम्हान मेंडिस को 2 और कविजा गामगे को 1 विकेट मिला। चमिका हीनातिगला ने दिलाई रोमांचक जीत 291 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने पहला विकेट जल्दी गंवा दिया। इसके बाद सेनुजा वेकुनागोडा ने 67 रन बनाकर पारी को संभाला। कविजा गामगे (29) और किथमा विथानापथिराना (31) ने भी अहम योगदान दिया। आखिर में चमिका हीनातिगला ने मैच जिताऊ पारी खेली। उन्होंने 68 गेंदों पर 84 रन बनाए और टीम को जीत तक पहुंचाया। अंतिम ओवर में श्रीलंका को 11 रन चाहिए थे। हीनातिगला ने ओवर की दूसरी गेंद पर चौका लगाया, लेकिन अगली दो गेंदें डॉट रहीं, जिससे दबाव बढ़ गया। इसके बाद उन्होंने पांचवीं गेंद पर शानदार छक्का जड़कर मुकाबला बराबरी पर ला दिया। आखिरी गेंद पर एक रन लेकर श्रीलंका ने 1 विकेट से मैच और 2-1 से सीरीज अपने नाम कर ली।


