विमेंस एशिया कप 2026 में भारतीय टीम आज अपने अभियान की शुरुआत करेगी। टीम का पहला मुकाबला थाईलैंड से होगा। ग्रुप-A का यह मैच दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में रात 8 बजे से खेला जाएगा। भारत की कप्तानी हरमनप्रीत कौर करेंगी। टीम में स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा और दीप्ति शर्मा जैसी अनुभवी खिलाड़ी हैं। वहीं, जेमिमा रोड्रिग्स चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हैं। उनकी जगह प्रतिका रावल को टीम में शामिल किया गया है। भारत ने तीनों मैच जीते भारत और थाईलैंड के बीच अब तक तीन महिला टी-20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले गए हैं। तीनों में भारतीय टीम विजेता रही है। भारत ने 2018 और 2022 में थाईलैंड को हराया था। पिछली तीन भिड़ंत में भारत की जीत का अंतर 66, 9 और 74 रन रहा है। भारत के बेस्ट खिलाड़ी- मंधाना, शेफाली और दीप्ति भारत की बल्लेबाजी में स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा और कप्तान हरमनप्रीत कौर पर नजर रहेगी। हाल के आंकड़ों में शेफाली ने 16 मैचों में 680 रन बनाए हैं। वहीं, हरमनप्रीत ने 9 मैचों में 269 रन बनाए हैं और मंधाना के नाम 8 मैचों में 245 रन हैं। गेंदबाजी में दीप्ति शर्मा और श्री चरानी अहम रहेंगी। चरानी ने हाल के 10 मैचों में 21 विकेट लिए हैं। वह मौजूदा ICC महिला टी-20 रैंकिंग में नंबर-1 गेंदबाज भी हैं। दीप्ति के नाम इसी अवधि में 15 विकेट हैं। थाईलैंड के बेस्ट खिलाड़ी- पुथावोंग और कोनचारोएनकाई थाईलैंड की सबसे बड़ी उम्मीद थिपाचा पुथावोंग होंगी। उन्होंने हाल के 10 मैचों में 20 विकेट लिए हैं और उनकी इकॉनमी सिर्फ 3.70 रही है। सुनीदा चतुरोंगरत्तना ने भी इसी अवधि में 16 विकेट लिए हैं। बल्लेबाजी में नन्नापत कोनचारोएनकाई ने 10 मैचों में 254 रन बनाए हैं। उनका औसत 63.50 है। फन्निता माया के नाम 190 रन हैं। पिच रिपोर्ट- दुबई में स्पिनर्स का रोल अहम दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम की पिच पर मुकाबला आगे बढ़ने के साथ स्पिन गेंदबाजों को मदद मिल सकती है। भारत के पास दीप्ति शर्मा, चरानी, राधा यादव और प्रेमा रावत के रूप में स्पिन के कई विकल्प हैं। थाईलैंड भी पुथावोंग और सुनीदा के प्रदर्शन पर निर्भर रहेगा। मुकाबला रात में है, इसलिए शुरुआत में तेज गेंदबाजों को भी कुछ मदद मिल सकती है। टॉस जीतने वाली टीम परिस्थितियों को देखते हुए पहले गेंदबाजी का फैसला कर सकती है। मौसम रिपोर्ट- मैच के समय आसमान साफ रहने का अनुमान दुबई में 30 अगस्त को मौसम साफ रहने का अनुमान है। दिन का तापमान करीब 43°C और रात का तापमान करीब 31°C रहने की संभावना है। बारिश की संभावना नहीं है। एशिया कप में भारत का रिकॉर्ड- 3 बार चैंपियन टी-20 फॉर्मेट में भारत ने महिला एशिया कप के पांच में से तीन संस्करण जीते हैं। भारत ने 2012, 2016 और 2022 में खिताब अपने नाम किया था। 2024 में टीम रनर-अप रही थी। पूरे टी-20 एशिया कप इतिहास में भारत ने 29 में से 25 मैच जीते हैं। टूर्नामेंट में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन हरमनप्रीत कौर ने बनाए हैं। उनके नाम 25 मैचों में 571 रन हैं। गेंदबाजी में दीप्ति शर्मा 19 मैचों में 26 विकेट के साथ सबसे आगे हैं। पॉसिबल प्लेइंग-XI भारत: स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, भारती फुलमाली, हरमनप्रीत कौर, ऋचा घोष, दीप्ति शर्मा, अरुंधति रेड्डी, प्रेमा रावत, राधा यादव, श्री चरानी, रेणुका ठाकुर। थाईलैंड: नन्नापत कोनचारोएनकाई, नत्थाकन चन्थम, नरूमोल चाईवाई, फन्निता माया, चनिदा सुत्थिरुआंग, सुलेपॉर्न लाओमी, ओननिचा कामचोम्फू, थिपाचा पुथावोंग, सुनीदा चतुरोंगरत्तना, अपिसरा सुवानचोनराठी, चयानिसा फेंगपैन।


