ग्लासगो में एक भारतीय रेस्टोरेंट ने भारत के नक्शे में पूर्वोत्तर भारत को नहीं दिखाने पर माफी मांगी है। ओलंपिक पदक विजेता भारतीय मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन ने इस मुद्दे को उठाया था, जिसके बाद रेस्टोरेंट प्रबंधन ने नक्शे को ठीक करने का आश्वासन दिया है। यह घटना ग्लासगो में ‘मिस्टर सिंह इंडिया, द होम ऑफ करी’ रेस्टोरेंट में हुई। भारतीय मुक्केबाजी दल 2026 कॉमनवेल्थ गेम्स में ऐतिहासिक प्रदर्शन के बाद वहां डिनर के लिए पहुंचा था। इन खेलों में भारतीय मुक्केबाजों ने सात स्वर्ण और तीन रजत पदक समेत कुल 10 पदक जीते थे। नेपकिन और लोगो पर गलत नक्शा देख जताई आपत्ति असम की रहने वाली और ग्लासगो में रजत पदक जीतने वाली लवलीना ने देखा कि रेस्टोरेंट के नेपकिन और बाहर लगे लोगो पर छपे भारत के नक्शे से पूर्वोत्तर का हिस्सा गायब है। उन्होंने तुरंत रेस्टोरेंट प्रबंधन के सामने यह मुद्दा उठाया। लवलीना ने इंडिया टुडे से बातचीत में कहा कि रेस्टोरेंट में कुछ लोगों ने उन्हें बताया कि नेपकिन और लोगो पर छपे नक्शे में पूर्वोत्तर गायब है और कश्मीर का हिस्सा भी सही नहीं है। उन्होंने बताया कि उन्हें यह देखकर बहुत बुरा लगा और उन्होंने मालिकों के सामने अपनी बात रखी। रेस्टोरेंट मालिकों ने सफाई दी कि यह ब्रिटिश नक्शा है, इसलिए पूर्वोत्तर गायब है। उन्होंने अपनी गलती के लिए माफी मांगी और नक्शा बदलने का वादा किया। सोशल मीडिया पर साझा किया वीडियो 2021 ओलंपिक कांस्य पदक विजेता लवलीना ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर बताया कि यह मुद्दा उन्हें व्यक्तिगत रूप से क्यों प्रभावित कर गया। उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर से होने के नाते यह उन्हें काफी आहत करता है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि अगली बार से इस बात का ध्यान रखें। मामला शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाया गया डिनर के दौरान मौजूद बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष अजय सिंह ने बताया कि रेस्टोरेंट मालिकों के साथ कोई विवाद नहीं हुआ और मामला शांतिपूर्ण तरीके से सुलझा लिया गया। उन्होंने पीटीआई से कहा कि यह एक चूक थी, जिसे उन्होंने और लवलीना ने पॉइंट आउट किया था। मालिकों ने अपनी गलती स्वीकार कर ली है और इसे ठीक करने का भरोसा दिया है। ग्लासगो का यह रेस्टोरेंट काफी प्रसिद्ध है और यहां कई वर्षों से खेल टीमें और गणमान्य व्यक्ति आते रहे हैं। भारतीय मुक्केबाजी टीम ने शनिवार को अपनी ऐतिहासिक जीत का जश्न मनाने के लिए इस रेस्टोरेंट का दौरा किया था, जहां यह मामला सामने आया। ——————————– स्पोर्ट्स की ये खबर भी पढ़ें… कॉमनवेल्थ गेम्स- 10वें दिन भारत को 8 गोल्ड:7 बॉक्सरों ने जीते, एक पैरा शॉटपुट में मिला, ट्रिपल जंप में 2 मेडल स्कॉटलैंड के ग्लासगो में चल रहे कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के 10वें दिन शनिवार को भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 8 गोल्ड मेडल जीते। इनमें 7 गोल्ड बॉक्सिंग और एक पैरा शॉटपुट से आया है। भारत ने पहली बार कॉमनवेल्थ गेम्स के एक ही एडिशन में बॉक्सिंग में 7 गोल्ड मेडल जीते हैं। पूरी खबर पढ़ें…

