हरियाणा के जींद पहुंचे किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल ने कहा, ‘सरकार को हमारे लिए रास्ता खोलना चाहिए. अगर वे रास्ता नहीं खोलते हैं, तो हम सुप्रीम कोर्ट और हाई कोर्ट का भी रुख करेंगे.’ हरियाणा पुलिस ने रविवार को बॉर्डर पॉइंट पर कई लेयर वाली बैरिकेडिंग लगाई और इसे सील कर दिया है. संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले किसान खनौरी-दाता सिंह वाला बॉर्डर से हरियाणा में घुसने के लिए इकट्ठा हुए हैं. संयुक्त किसान मोर्चा ने हरियाणा-पंजाब बॉर्डर पर स्थित दाता सिंह वाला गांव से दिल्ली के जंतर-मंतर तक 228 किलोमीटर लंबी ‘किसान बचाओ पदयात्रा’ का आह्वान किया है, जो 29 अगस्त को राष्ट्रीय राजधानी में किसानों की पंचायत के साथ खत्म होगी. यह पदयात्रा प्रस्तावित भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के विरोध में और फसलों की न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीद की कानूनी गारंटी की मांग के लिए आयोजित की गई है.
