बैडमिंटन वर्ल्ड फेडरेशन (BWF) ने बुधवार को नई दिल्ली में वर्ल्ड बैडमिंटन चैंपियनशिप का ड्रॉ जारी किया। चैंपियनशिप 17 से 23 अगस्त तक नई दिल्ली में होगी। पहले दौर में भारत के आयुष शेट्टी का मुकाबला वर्ल्ड चैंपियन और टॉप सीड चीन के शी यू क्वी से होगा। पीवी सिंधु पहले मैच में आयरलैंड की सोफिया नोबल से खेलेंगी। सात्विक-चिराग की जोड़ी को बाई मिला है। पुरुष और महिला एकल में 64-64 खिलाड़ियों का ड्रॉ है। तीनों युगल स्पर्धाओं में 48-48 जोड़ियां हिस्सा लेंगी। विमेंस सिंगल्स में भी शुरुआती मैच कठिन विमेंस सिंगल्स में भारत की पीवी सिंधु और आयरलैंड की सोफिया नोबल का मैच होगा। उन्नति हुड्डा मलेशियाई खिलाड़ी का सामना करेंगी। टॉप सीड कोरिया की आन से यंग अपने अभियान की शुरुआत बुल्गारिया की कालोयाना नलबांतोवा के खिलाफ करेंगी। 2023 की वर्ल्ड चैंपियन आन से यंग के क्वार्टर में मिया ब्लिखफेल्ट, 5वीं वरीयता प्राप्त हान यू और हमवतन किम गा यून भी हैं। तीसरी वरीयता प्राप्त वांग झी यी को पहले दौर में बेईवेन झांग जैसी कठिन प्रतिद्वंद्वी मिली हैं। दूसरी वरीयता प्राप्त अकाने यामागुची का मुकाबला गुयेन थ्यू लिन्ह से होगा। मेंस सिंगल्स में कई रोमांचक मुकाबले होंगे मेंस सिंगल्स में 2021 के वर्ल्ड चैंपियन लोह कीन यू का सामना ब्रायन यांग से होगा। क्रिस्टो पोपोव का मुकाबला केंटा निशिमोटो, वेंग होंग यांग का युशी तनाका और 2023 के उपविजेता कोदाई नाराओका का ची यू जेन से होगा। युगल वर्ग में शीर्ष जोड़ियों को पहले दौर में बाय मिली तीनों युगल स्पर्धाओं की सभी 16 वरीय जोड़ियों को पहले दौर में बाय मिला है। इनमें भारत के साईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी भी शामिल हैं। भारतीय कोच टैन किम हर ने सात्विक की कंधे की चोट को सबसे बड़ी चिंता बताया। टैन ने कहा, ‘अगर सात्विक और चिराग मानसिक रूप से मजबूत रहते हैं, तो वे खिताब के लिए चुनौती पेश कर सकते हैं।’ पुरुष युगल के मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन किम वोन हो और सियो सियुंग जे दूसरे दौर में क्रिस्टो पोपोव/टोमा जूनियर पोपोव या ताकुमी नोमुरा/यूइची शिमोगामी की जोड़ी से भिड़ेंगे। महिला युगल में टॉप सीड लियू शेंग शू और तान निंग के क्वार्टर में गैब्रिएला स्टोएवा/स्टेफानी स्टोएवा तथा छठी वरीयता प्राप्त किम ह्ये जियोंग/कोंग ही योंग की जोड़ियां हैं। भारतीय कोच गोपीचंद बोले- भारतीय नजरिए से ड्रॉ अच्छा भारत के हेड कोच पुलेला गोपीचंद ने कहा कि भारतीय टीम कई इवेंट्स में मजबूत स्थिति में है। टीम का लक्ष्य कम से कम कुछ इवेंट में पोडियम फिनिश करना है। गोपीचंद ने कहा, ‘भारतीय नजरिए से ड्रॉ अच्छा दिख रहा है। सबसे बड़ा पहला मुकाबला शी यू क्वी और आयुष शेट्टी के बीच है।’ उन्होंने कहा, ‘मेरा मानना है कि आयुष बहुत अच्छे खिलाड़ी हैं। उनके आक्रामक खेल को देखते हुए पहले दौर में शी से खेलना बाद के मुकाबले से बेहतर है। अगर वह यह मैच जीतते हैं तो उनके लिए ड्रॉ खुल सकता है।’ ————————————– वर्ल्ड बैडमिंटन चैंपियनशिप से जुड़ी यह खबर भी पढ़िए… सिंधु को वर्ल्ड बैडमिंटन चैंपियनशिप में 9वीं सीड मिली; सात्विक-चिराग को 5वीं वरीयता 2 बार की ओलिंपिक मेडलिस्ट पीवी सिंधु को महिला सिंगल्स में 9वीं वरीयता दी गई है। वहीं, स्टार पुरुष डबल्स जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी को 5वीं वरीयता मिली है। पढ़ें पूरी खबर
वर्ल्ड बैडमिंटन चैंपियनशिप का ड्रॉ जारी:सिंधु का मैच सोफिया से, आयुष वर्ल्ड चैंपियन से भिड़ेंगे; 17 अगस्त से नई दिल्ली में टूर्नामेंट

