पुलिसवालों की आंखों में मिर्च पाउडर डाला और फिर उनकी लाठी-डंडों से पिटाई कर दी, ये किसी दूर-दराज के इलाके की नहीं, बल्कि देश की राजधानी की घटना है. दिल्ली के भलस्वा डेयरी थाना इलाके में पहले कुछ स्थानीय लोगों ने पुलिसवालों पर हमला कर दिया, जिसका वीडियो भी सामने आया है.
ताजा मामला बाहरी उत्तर जिले में ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों पर हमला करने का सामने आया है. भलस्वा डेयरी थाना इलाके के मुकुंदपुर स्थित जनता विहार में बाइक की जांच के दौरान पुलिस ने एक मोटरसाइकिल को बिना वैध दस्तावेजों के पाया था. पुलिस ने नियम के मुताबिक, बाइक को जब्त कर थाने में जमा करा दिया था. इसी कार्रवाई से नाराज बाइक मालिक और उसके परिवार के कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों से झगड़ा किया और देखते ही देखते मामला हिंसा में बदल गया.
