उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में दिन के वक्त तेज बारिश के बाद जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट जलमग्न हो गया. एयरपोर्ट के पार्किंग कंपाउंड के पास जलभराव हो गया. टर्मिनल से पार्किंग एरिया की तरफ जाने वाले रास्ते पर पानी भरने से यात्रियों और एयरपोर्ट पर मौजूद लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा. बारिश के बाद एयरपोर्ट परिसर में हुए जलभराव का वीडियो भी सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में पार्किंग एरिया के पास काफी मात्रा में पानी जमा दिखाई दे रहा है. वहीं, एयरपोर्ट मैनेजमेंट से जुड़े कर्मचारी पानी को निकालने की कोशिश करते हुए नजर आ रहे हैं. बताया जा रहा है कि जलभराव की जानकारी मिलने के बाद एयरपोर्ट मैनेजमेंट ने जल्द ही पानी की निकासी करा दी, जिसके बाद स्थिति सामान्य हो गई. हालांकि, बारिश के बाद एयरपोर्ट परिसर में भरे पानी को लेकर यात्रियों को कुछ वक्त तक परेशानी का सामना करना पड़ा. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो के बाद एयरपोर्ट परिसर में जल निकासी व्यवस्था को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं.
