कतर्नियाघाट वन्यजीव संरक्षित क्षेत्र से निकली कौड़ियाला नदी में जलस्तर बढ़ने के कारण हाथियों का एक कुनबा तेज बहाव में फंस गया. तीन वयस्क और दो शावक हाथी बहते हुए चौधरी चरण सिंह गिरिजापुरी बैराज तक पहुंच गए. काफी देर तक हाथी अपनी जान बचाने के लिए पानी से संघर्ष करते रहे. घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची. अधिकारियों ने सिंचाई विभाग से संपर्क कर बैराज के गेट बंद करवाए, जिससे नदी का बहाव कम हुआ. पानी का दबाव घटते ही वयस्क हाथियों ने स्थिति संभाली और शावकों को सुरक्षित रखते हुए किनारे की ओर बढ़ना शुरू किया. बैराज के पास पहुंचने पर वन कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद पूरे कुनबे को सुरक्षित जंगल की ओर मोड़ दिया. वन विभाग की तत्परता और सूझबूझ से पांचों हाथियों की जान बच गई. फिलहाल सभी हाथी सुरक्षित हैं और जंगल में लौट चुके हैं, जबकि नदी किनारे निगरानी और गश्त बढ़ा दी गई है.
