जयपुर में NEET PG-2026 परीक्षा के सीतापुरा के ION डिजिटल जोन सेंटर पर हंगामा हो गया। कैंडिडेट्स ने आरोप लगाया कि कंप्यूटर बार-बार बंद हुए, जिससे परीक्षा प्रभावित हुई। दो घंटे में 10 बार तक एग्जाम बाधित हुआ। छात्रों ने पेपर लीक की भी आशंका जताई है। परीक्षा खत्म होने के बाद से सैकड़ों की संख्या में परीक्षार्थी विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं। हंगामा बढ़ता देख इस सेंटर की परीक्षा कैंसिल कर दी गई है। इस केंद्र पर अब 5 सितंबर को फिर से परीक्षा होगी। सबसे पहले देखिए- हंगामे से जुड़े PHOTOS 9 बजे की परीक्षा 10 बजे शुरू होने का आरोप छात्रों के अनुसार, परीक्षा सुबह 9 बजे शुरू होनी थी, लेकिन इसे करीब 10 बजे शुरू किया गया। बार-बार बंद होने के बाद कुछ कंप्यूटर्स को फिर से स्टार्ट करने के बाद स्क्रीन पर 3 से 4 सवाल ही दिखाई दिए। जबकि कुछ छात्रों के सिस्टम पर 5 से 6 सवाल आने के बाद फिर कंप्यूटर बंद हो गए। छात्रों का आरोप है कि सेंटर के स्टाफ ने तकनीकी खराबी का कोई कारण नहीं बताया। FIR की धमकी देने का आरोप विरोध कर रहे छात्रों ने आरोप लगाया- पुलिस से मामले की शिकायत की तो विरोध प्रदर्शन करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई। छात्रों का दावा है कि उनसे कहा गया कि यदि वे बाहर प्रदर्शन जारी रखते हैं तो उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा सकता है। वहीं, छात्रों ने आरोप लगाया कि बार-बार सिस्टम बंद होने और अलग-अलग सवाल दिखाई देने के बाद उन्हें परीक्षा की गोपनीयता पर संदेह है। छात्रों ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। नीट यूजी पेपरलीक के राजस्थान से जुड़े थे तार पेपरलीक के आरोपों के कारण 3 मई को हुई NEET-UG 2026 की परीक्षा रद्द हो गई थी। इसके बाद NTA ने 21 जून को दोबारा परीक्षा कराई थी। पेपरलीक के तार जयपुर सहित राजस्थान के कई शहरों से जुड़े थे। इसमें राजस्थान से गिरफ्तारियां भी हुई थीं।
