झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित धांधली और पेपर लीक के खिलाफ छात्रों का आंदोलन 23वें दिन भी जारी है. अब यह आंदोलन उग्र रूप ले रहा है और छात्रों ने आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है. छात्र संघर्ष मोर्चा ने राज्य सरकार को स्पष्ट अल्टीमेटम दिया है कि यदि उनकी मांगें, जिनमें परीक्षाओं को रद्द करना और सीबीआई जांच शामिल है. 18 अगस्त तक नहीं मानी गईं, तो वे 20 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेंगे. आंदोलनकारी छात्रों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ-साथ कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी वादाखिलाफी और छलावे का आरोप लगाया है. छात्रों का कहना है कि वे राज्य के सभी 24 जिलों में सीएम सोरेन और राहुल गांधी का पुतला दहन करेंगे. छात्रों की मांग है कि अगर सरकार उनकी नहीं सुनती, तो राहुल गांधी को राज्य सरकार से समर्थन वापस लेना चाहिए, अन्यथा मुख्यमंत्री इस्तीफा दें.
