स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में बढ़ते तनाव ने पूरी दुनिया की चिंता बढ़ा दी है. मध्य पूर्व में संघर्ष तेज होने के बीच वैश्विक ऊर्जा बाजार पर इसका असर साफ दिखाई देने लगा है. कच्चे तेल की कीमतों में उछाल दर्ज किया जा रहा है और आशंका जताई जा रही है कि यदि हालात और बिगड़े तो पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की कीमतों पर भी दबाव बढ़ सकता है.
विशेषज्ञों का मानना है कि होर्मुज दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री व्यापार मार्गों में से एक है, जहां से बड़ी मात्रा में तेल और गैस की सप्लाई होती है. यदि युद्ध या हमलों के कारण तेल टैंकरों की आवाजाही प्रभावित होती है, तो वैश्विक सप्लाई चेन पर सीधा असर पड़ सकता है. हाल के तनाव के बीच कच्चे तेल की कीमतें 85 डॉलर प्रति बैरल के आसपास पहुंचने की खबरें सामने आ रही हैं.

