एक रियल हीरो से एनडीटीवी टीम की मुलाकात हो गई. उसने बताया कि एक घर के लोग बाढ़ में फंस गए थे.मकान की दो मंजिल पानी के अंदर समा गई. तीसरी मंजिल बस बची हुई थी. मकान गिरने का खतरा बना हुआ था. नेपाल के समय से 9 बजकर 40 मिनट पर बाढ़ आया और करीब करीब दोपहर 12 बजे ये परिवार उस मकान से निकल पाया. वो परिवार लगातार चिल्ला रहा था, मगर लोग टिकटॉक पर वीडियो बना रहे थे. इस नौजवान लड़के ने बताया कि उस परिवार में 6 लोग थे. इनमें 2 बच्चे भी थे. लोग केवल आवाज लगा रहे थे कि इधर से आओ, उधर से आओ. फिर मैंने दूर से देखा तो दौड़कर आया. लोग मुझे भी बोल रहे थे कि छोड़ दो उन्हें, मत जाओ बचाने. पर मेरा मन नहीं माना. मैंने एक-दो लोगों को और बुलाया. दलदल देखकर सब लोग होपलेस हो गए थे. हर कोई बचाने में डर रहा था. आखिर में मैंने आसपास पड़ी पाइप को मकान की खिड़की से लगाई. उसी के जरिए परिवार के सभी 6 सदस्य मकान से बाहर आए और अपनी जान बचाए. इस कम उम्र के नौजवान पर 6 लोगों की जान बचाने की खुशी साफ नजर आ रही थी.
